इंदौर की चंदन नगर पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के दो मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। दोनों मामलों में पीड़ितों के मोबाइल पर एपीके फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करने के बाद मोबाइल हैक हो गया और बैंक खातों से करीब एक-एक लाख रुपये निकाल लिए गए।

पुलिस के मुताबिक, पहले मामले में ताप्ती परिसर निवासी हरविंदर की शिकायत पर अकाउंट होल्डर मुस्तफा अली के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हरविंदर ने बताया कि 19 सितंबर को काम के दौरान उनके मोबाइल पर एक एपीके फाइल आई थी। उसे ओपन करने के कुछ समय बाद मोबाइल ने काम करना बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 99 हजार रुपये डेबिट होने का मैसेज मिला। यह राशि मुस्तफा अली के यूपीआई अकाउंट में ट्रांसफर हुई थी। हरविंदर ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

दूसरे मामले में वर्धमान नगर निवासी नीरज की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। नीरज के अनुसार, उनके मोबाइल पर भी एपीके फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करने के बाद मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से करीब एक लाख रुपये निकल गए। शिकायत के मुताबिक, यह रकम नीरज नाम के ही एक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हुई है।

पुलिस दोनों मामलों में संबंधित खातों और लेनदेन की जांच कर रही है।


Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post