बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में रुपये हड़पने के लिए एक बेटे पर अपनी मां की हत्या करने का आरोप लगा है। हरसिद्धि थाना क्षेत्र में आरोपी ने चाकू से मां का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस को भटकाने के लिए उसने लूट और दूसरी घटना से जुड़ी मनगढ़ंत कहानी भी सुनाई। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी आलम हुसैन को गिरफ्तार कर लिया।

अरेराज डीएसपी ने बताया कि आरोपी ने रुपये के लालच में अपनी मां नजमा खातून की हत्या की। घटना के बाद उसके बयान पर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पूछताछ में आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी मां ने दो दिन पहले भी बैंक से रुपये निकाले थे, जिन्हें उसने चोरी कर लिया था। इसके बाद मंगलवार को उसकी मां अरेराज स्थित यूनियन बैंक से समूह ऋण की राशि निकालकर लौट रही थी। सेवराहा के पास आरोपी ने मां को भरोसे में लिया और बाइक से घर चलने के लिए कहा।

रास्ते में उसने मां से कहा कि गन्ने के खेत में चावल की बोरी रखी है और उसे वहां से ले आते हैं। मां जैसे ही उसके साथ गन्ने के खेत में पहुंची, आरोपी ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उसने मां का गला रेत दिया और रुपये लेकर वहां से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून लगे कपड़े, मां और बेटे की चप्पल, 89 हजार रुपये और मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को घटना से जुड़ी कई अहम जानकारियां भी दीं।

पुलिस टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। कड़ाई से पूछताछ के बाद हत्या की पूरी घटना सामने आई। मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post