गोरकुंड चौराहे पर करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क के नीचे बिछाई गई नर्मदा पेयजल लाइन की सोमवार को टेस्टिंग के दौरान लीकेज होने से तेज पानी का बहाव शुरू हुआ। इसके दबाव से जमीन के नीचे की मिट्टी कट गई और सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया।

यह सड़क करीब एक साल पहले ही तैयार हुई थी। सड़क धंसने के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। अचानक हुए घटनाक्रम से आसपास के रहवासी भी हैरान रह गए। नगर निगम ने सुरक्षा के लिए क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास बैरिकेड लगा दिए हैं।

दरअसल, करीब पांच साल पहले राजवाड़ा और आसपास का क्षेत्र स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल किया गया था। इसके तहत सड़कों के साथ सीवरेज, ड्रेनेज और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निर्माण किया गया। राजवाड़ा, सराफा, खजूरी बाजार, बियाबानी और आसपास के इलाकों में सड़क नेटवर्क तैयार किया गया है।

जिस स्थान पर सड़क धंसी, वहां सड़क निर्माण से पहले 24 घंटे जलप्रदाय के लिए पेयजल लाइन भी बिछाई गई थी। इस लाइन की टेस्टिंग अब की गई, लेकिन दबाव के दौरान पाइप में लीकेज हो गया। पानी के तेज बहाव से सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई और सड़क का हिस्सा धंस गया।

घटना के बाद अब सड़क निर्माण की गुणवत्ता और नीचे बिछाई गई पाइपलाइन के काम को लेकर सवाल उठ रहे हैं। क्षतिग्रस्त हिस्से को बैरिकेड से घेरकर यातायात और लोगों की सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।


Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post