बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान का प्रस्तावित भारत दौरा फिलहाल टल गया है। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद ही यात्रा की तैयारियों पर आगे काम किया जाएगा। तारिक रहमान के 21 अगस्त को दिल्ली आने की संभावना थी और इसे लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ए.के. शाहिदुल करीम ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में भारत यात्रा के लिए अनुकूल माहौल नहीं है। उनके मुताबिक, 5 अगस्त को नई दिल्ली में शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस और वहां से दिए गए राजनीतिक बयानों के बाद दोनों देशों के बीच बने माहौल पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश इस मुद्दे पर पहले भी अपना रुख स्पष्ट कर चुका है और चाहता है कि प्रधानमंत्री की भारत यात्रा से पहले दोनों देशों के संबंधों के लिए उचित माहौल तैयार हो।
तारिक रहमान के भारत दौरे को लेकर बांग्लादेश में राजनीतिक विरोध भी सामने आया है। उनकी पार्टी के नेताओं के साथ-साथ नेशनल सिटिजन पार्टी के नेताओं ने भी भारत में शेख हसीना की राजनीतिक गतिविधियों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हसीना के प्रत्यर्पण और भारत-बांग्लादेश संबंधों से जुड़े मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट होने तक तारिक रहमान को भारत यात्रा नहीं करनी चाहिए।
भारत की ओर से तारिक रहमान को दिल्ली आने का निमंत्रण पहले ही दिया जा चुका है। उनके प्रधानमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में भारत की ओर से प्रतिनिधित्व किया गया था। इसी दौरान भारतीय प्रधानमंत्री ने उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया था। सितंबर में प्रस्तावित ब्रिक्स सम्मेलन में भी तारिक रहमान के शामिल होने की संभावना जताई गई थी।
इस बीच, भारत के उच्चायुक्त ने 10 अगस्त को तारिक रहमान से मुलाकात की थी। बैठक में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान बांग्लादेश की ओर से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद भी जताई गई थी। मुलाकात के बाद द्विपक्षीय संबंधों को लेकर सकारात्मक संकेत मिले थे, लेकिन इसके कुछ समय बाद तारिक रहमान की भारत यात्रा टलने की जानकारी सामने आई।

Post a Comment