इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान यशपाल (17) वर्ष , पिता बलीराम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से विदिशा जिले का रहने वाला था और इंदौर में अपनी बहन और जीजा के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, यशपाल शहर के एक कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता किसान हैं। परिवार में दो बहनें और एक भाई हैं। यशपाल अपनी बड़ी बहन और जीजा के साथ इंदौर में रह रहा था। उसके जीजा फाइनेंस का काम करते हैं।
घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। बाद में परिजनों ने यशपाल को फंदे पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। एरोड्रम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से छात्र का मोबाइल फोन जब्त किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यशपाल किसी व्यक्ति से मोबाइल पर चैटिंग करता था। पुलिस अब उसकी कॉल डिटेल, चैट और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है, ताकि खुदकुशी के पीछे की वजह सामने आ सके।
फिलहाल छात्र के इस कदम का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment