उत्तर प्रदेश के गोरखपुर एयरपोर्ट पर 19 अगस्त को लैंडिंग के दौरान इंडिगो के एक विमान का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया। घटना के बाद विमान को गो- around कराया गया और कुछ देर बाद दोबारा प्रयास कर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। हादसे में विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित रहे।
लैंडिंग के बाद विमान की जांच की गई। घटना की जानकारी डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) को भी दी गई। इसके बाद जांच टीम ने गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचकर विमान का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान विमान के APU इनटेक के पास खरोंच के निशान पाए गए। इसके बाद विमान को आगे की उड़ानों के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया। फिलहाल विमान की जरूरी मरम्मत की जा रही है।
मरम्मत का काम पूरा होने के बाद विमान की सभी आवश्यक जांच दोबारा की जाएगी। जांच में विमान को उड़ान के लिए सुरक्षित पाए जाने और मंजूरी मिलने के बाद ही इसे फिर से सेवा में शामिल किया जाएगा।
इधर, गोरखपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ सुविधाओं के विस्तार की भी मांग लगातार उठ रही है। एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर पिछले महीने गोरखपुर के सांसद ने रक्षा मंत्री से मुलाकात कर चर्चा की थी। उन्होंने यात्रियों की बढ़ती संख्या, क्षेत्र के आर्थिक विकास और बेहतर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क के लिए एयरपोर्ट के जल्द विस्तार की जरूरत बताई थी।

Post a Comment