उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक युवक से विवाह करने वाली तीन बहनों का मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद तीनों को लगातार ट्रोल किया जा रहा है। मामले को लेकर कुछ संगठनों ने भी आपत्ति जताते हुए पुलिस से शिकायत की। हालांकि तीनों युवतियों ने पुलिस के सामने स्पष्ट कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से जीवनसाथी चुना है और अपने फैसले पर कायम हैं।

जानकारी के अनुसार, दो सगी और एक मौसेरी बहन, जो बचपन से साथ पली-बढ़ी हैं, ने बीते रविवार को नगर के एक मंदिर में पड़ोसी गांव के रहने वाले एक युवक से विवाह किया था। शादी का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया और कई लोगों ने इस पर सवाल उठाए।

मामले के तूल पकड़ने पर गुरुवार को तीनों बहनें और उनका पति पहले कोतवाली पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे सभी बालिग हैं और अपनी मर्जी से विवाह किया है। इसके बाद वे सीओ कार्यालय भी पहुंचे और वहीं अपनी बात दोहराई।

युवतियों ने पुलिस को बताया कि तीनों के बीच बचपन से गहरा लगाव है। जब परिवार ने सबसे बड़ी बहन के लिए रिश्ता तय करना शुरू किया तो उन्हें एक-दूसरे से अलग होने की चिंता हुई। इसी कारण उन्होंने एक ही युवक को अपना जीवनसाथी बनाने का फैसला किया। उन्होंने पड़ोसी गांव के एक फोटोग्राफर युवक से विवाह किया और कहा कि वे सभी साथ रहकर खुश हैं।

पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने इस विवाह पर आपत्ति दर्ज कराई है। इस दौरान युवतियों ने अपने पक्ष में सनातन धर्म से जुड़े कई राजाओं के उदाहरण भी दिए। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है।

मामला मीडिया में आने के बाद पुलिस दोनों पक्षों के गांव भी पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत की। परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से तीनों बहनें और युवक घर नहीं लौटे हैं। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर देने की बात कही, लेकिन परिजनों ने किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि वे इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post