इंदौर के तिलकनगर थाना क्षेत्र में एक सूने मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी परिवार के गुरुवार को घर लौटने पर हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, गोयल नगर स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाले अमरेश ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह निजी काम से परिवार के साथ शहर से बाहर गए थे। इसी दौरान 10 जुलाई से 24 जुलाई के बीच चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया।
बदमाश घर की अलमारी में रखे चांदी का इत्रदान, चांदी की प्लेट, तीन चांदी की अंगूठियां, दो जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की सिंदूरदानी, दो जोड़ी सोने की बालियां और नकदी चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, बच्चों की गुल्लक में रखे खुले पैसे भी अपने साथ ले गए।
परिवार का कहना है कि चोर घर के मंदिर में रखा चांदी का सामान भी उठा ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घर के बड़े और अधिक मूल्यवान आभूषण बैंक लॉकर में सुरक्षित रखे थे, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध लोगों के फुटेज मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

Post a Comment