भारत-नेपाल सीमा से लगे नेपाल के सुनसरी जिले में सांप्रदायिक हिंसा के बाद हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पहले से लागू कर्फ्यू को अनिश्चितकाल तक जारी रखने का फैसला किया है। साथ ही कर्फ्यू का दायरा भी बढ़ा दिया गया है। हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि सुरक्षाकर्मियों समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को सुनसरी जिले के कप्तानगंज क्षेत्र में दो धार्मिक समुदायों के जुलूस और उत्सव के दौरान विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। स्थिति पर काबू पाने के लिए सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की, जिसके दौरान पुलिस की गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। इसी के चलते सोमवार से लागू कर्फ्यू को मंगलवार देर रात अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया गया।

नेपाल के प्रधानमंत्री ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मृतक के परिजनों को न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने प्रभावित लोगों को मुआवजा देने और हिंसा के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा भी दिया। साथ ही नागरिकों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

प्रशासन ने मंगलवार रात नई अधिसूचना जारी कर कर्फ्यू के दायरे का विस्तार किया है। अब यह आदेश इटहरी उप-महानगरपालिका के वार्ड 16 और 17, रामधुनी नगरपालिका के वार्ड 1 और 5 के अलावा इनारुवा, दुहाबी, भोक्राहा नरसिंह, कोसी, गढ़ी, देवानगंज, हरिहर और बरजू गांवपालिकाओं में भी प्रभावी रहेगा। इन इलाकों में लोगों की आवाजाही और सार्वजनिक गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा।

सुनसरी जिला दक्षिण-पूर्वी नेपाल में भारत के बिहार से सटा एक महत्वपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्र है, जिसे भारत-नेपाल के बीच व्यापार और आवागमन का प्रमुख मार्ग माना जाता है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने, शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post