इंदौर: शहर के एक वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में करीब 14 वर्षीय एक किशोर हाथ में डंडा लेकर वृद्ध महिलाओं की पिटाई करता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद पुलिस ने वृद्धाश्रम की संचालिका को थाने बुलाकर पूछताछ की और आवश्यक समझाइश देकर छोड़ दिया।
एसीपी रुबीना मिजवानी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि किशोर की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। इसी वजह से फिलहाल उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस के मुताबिक, करीब पांच महीने पहले वह अपनी मां के साथ वृद्धाश्रम में रहने आया था। उसकी मां आग से झुलस गई थीं और कुछ समय बाद उनका निधन हो गया। इसके बाद से किशोर वहीं रह रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि बुधवार को किशोर का एक बुजुर्ग महिला से किसी बात पर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर उसने डंडे से महिला पर हमला कर दिया। वायरल वीडियो में उसे बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की और हाथापाई करते हुए देखा जा सकता है।
एसीपी ने बताया कि किशोर की काउंसलिंग कराई जाएगी। साथ ही वृद्धाश्रम प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि उसे बुजुर्गों से अलग रखा जाए। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को उसे वृद्धाश्रम से हटाकर नाबालिग बच्चों की देखरेख करने वाली संस्था में भेजा जाएगा।

Post a Comment