3 अगस्त को नूंह में आयोजित होने वाली ब्रजमण्डल जलाभिषेक यात्रा के मद्देनजर प्रशासन ने जिले में भारी वाहनों की आवाजाही पर विशेष प्रतिबंध लगाए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नूंह-अलवर नेशनल हाईवे सहित जिले की सीमाओं में ट्रक और अन्य भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

पुलिस के अनुसार, यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए भारी वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है और वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करने की अपील की गई है।

अलवर से सोहना और गुरुग्राम की ओर जाने वाले भारी वाहन फिरोजपुर झिरका स्थित अंबेडकर चौक से मुंबई एक्सप्रेस-वे और केएमपी रेवासन मार्ग के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं सोहना, गुरुग्राम और तावडू से अलवर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी यही वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।

जयपुर से नूंह आने वाले भारी वाहनों को मुंबई एक्सप्रेस-वे और केएमपी रेवासन मार्ग का उपयोग करना होगा तथा उन्हें यात्रा समाप्त होने के बाद ही जिले में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। इसी तरह पुन्हाना, गुरुग्राम और तावडू से नूंह आने वाले भारी वाहनों को भी यात्रा पूरी होने तक इंतजार करना होगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ब्रजमण्डल जलाभिषेक यात्रा के दौरान नूंह जिले की सीमाओं में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अन्य क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालकों से भी अपील की गई है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और यात्रा समाप्त होने के बाद ही जिले में प्रवेश करें।

ब्रजमण्डल जलाभिषेक यात्रा 3 अगस्त को दोपहर 12 बजे नूंह के नलहड़ मंदिर से शुरू होगी। इसके बाद यात्रा फिरोजपुर झिरका होते हुए सिंगार गांव पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post