इंदौर: राऊ थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, तांत्रिक क्रियाओं का डर दिखाने और एआई की मदद से अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने उसके एक रिश्तेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।

दर्ज मामले के अनुसार, आरोपी ने अप्रैल 2026 में पीड़िता को घर में अकेला पाकर डरा-धमकाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद वह लगातार पीड़िता को तांत्रिक क्रिया और जादू-टोने का भय दिखाकर चुप रहने और संबंध बनाए रखने का दबाव बनाता रहा। आरोपी की धमकियों से तंग आकर छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया। जब मां ने उससे वजह पूछी, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़िता का परिवार पहले गुजरात में रहता था। आरोपी ने परिवार को भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर इंदौर शिफ्ट होने के लिए राजी किया था। इंदौर आने के बाद पीड़िता के पिता यहां काम करने लगे। आरोपी शुरुआत से ही नाबालिग पर बुरी नीयत रखता था।

पीड़िता के अनुसार, दुष्कर्म के बाद आरोपी ने धमकी दी थी कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह तंत्र-मंत्र से उसके माता-पिता को नुकसान पहुंचाएगा। वहीं, जब परिजनों ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया, तो उसने छात्रा के बालिग होने पर वश में करने और एआई तकनीक से अश्लील तस्वीरें व वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दे डाली। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post