इंदौर जिले की देपालपुर तहसील के एक गांव में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में आग से झुलसने के कारण दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे में उसकी मां भी गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, महिला सुबह रसोई में भोजन तैयार कर रही थी। इसी दौरान उसकी साड़ी में अचानक आग लग गई। महिला मूक-बधिर होने के कारण शोर मचाकर किसी को मदद के लिए नहीं बुला सकी। उसने तुरंत खेत पर मौजूद अपने परिजन को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी।
आग तेजी से फैलने के कारण उसकी दो वर्षीय बेटी भी इसकी चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन दोनों को तत्काल इंदौर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। वहीं मां का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर राजेंद्र नगर पुलिस ने शून्य पर मर्ग दर्ज कर प्रकरण आगे की कार्रवाई के लिए देपालपुर पुलिस को सौंप दिया है।
परिजनों ने बताया कि मासूम अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसके पिता खेती का काम करते हैं। हादसे से कुछ समय पहले महिला ने अपनी मां से फोन पर बातचीत की थी और उस समय बच्ची उसकी गोद में ही थी।
हादसे के बाद महिला ने सबसे पहले अपनी मां को वीडियो कॉल किया, क्योंकि उनका नंबर उसके मोबाइल की डायल सूची में पहले से मौजूद था। इसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
परिवार के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह गैस पाइप में लगी आग बताई जा रही है। हादसे में महिला करीब 50 प्रतिशत तक झुलस गई है और उसका उपचार अस्पताल में जारी है। परिजनों ने यह भी बताया कि घटना से एक दिन पहले ही बच्ची का दूसरा जन्मदिन पूरे उत्साह के साथ मनाया गया था।

Post a Comment