मध्य प्रदेश में मजबूत मानसूनी सिस्टम के सक्रिय होने के बाद प्रदेश में एक बार फिर बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को पूर्वी जिलों में कई स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है। इसी बीच शहडोल जिले में रविवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में 11 वर्षीय एक बच्चा भी शामिल है। सभी घटनाएं खेतों और खुले स्थानों पर हुईं। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम झींक में धान की रोपाई के दौरान खेत में काम कर रहे लोगों पर बिजली गिर गई। हादसे में 28 वर्षीय एक महिला गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश के ऊपर से मानसून ट्रफ गुजर रही है। इसके साथ ही एक निम्न दाब क्षेत्र और डिप्रेशन भी सक्रिय है। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावी होने की संभावना है। इन मौसम प्रणालियों के चलते 27 से 30 जुलाई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक मध्य प्रदेश में औसतन 13.2 इंच (334.9 मिमी) वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस समय तक सामान्य रूप से 15.5 इंच (395.2 मिमी) बारिश हो जानी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब तक करीब 2.3 इंच या 15 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 18 प्रतिशत और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 13 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post