झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में हाथियों के उत्पात से एक महिला घायल हो गई, जबकि पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक दंतैल हाथी के हमले में एक ग्रामीण की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, चांडिल वन क्षेत्र के अंतर्गत ईचागढ़ प्रखंड के मौसाढ़ा गांव में मंगलवार देर रात हाथियों का झुंड भोजन और पानी की तलाश में आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। उस समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। हाथियों ने एक मकान की दीवार तोड़ दी और घर में रखा अनाज खा लिया। दीवार गिरने से अंदर सो रही एक महिला मलबे के नीचे दब गई और घायल हो गई।

घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और महिला को मलबे से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।

हाथियों के गांव में घुसने की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में वन विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हाथी-मानव संघर्ष की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन उन्हें रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना मिलने के बावजूद विभागीय अधिकारी समय पर मौके पर नहीं पहुंचे।

ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत, घायल महिला के इलाज के लिए आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है। साथ ही उन्होंने हाथियों के गांव में प्रवेश को रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था करने की भी मांग उठाई है। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले भी इसी इलाके में हाथियों ने तीन घरों को नुकसान पहुंचाया था।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post