इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में कार वॉश के दौरान एक कारोबारी की कार से सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद कार धोने वाले युवक और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चोरी की चेन खरीदने वाले तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता योगेश कुमार, जो फर्नीचर व्यवसाय से जुड़े हैं, ने 16 जून को अपनी कार को कबिटखेड़ी मेन रोड स्थित एक सर्विस सेंटर पर धुलवाने के लिए दिया था।

योगेश ने बताया कि कार में सोने की एक चेन और एक महिला की सोने की अंगूठी रखी हुई थी। वह इन्हें बाद में बैंक में जमा कराने वाले थे। कार धुलवाने के बाद जब वह बैंक पहुंचे और वाहन से सामान निकालने लगे, तब उन्हें दोनों आभूषण गायब मिले।

इसके बाद उन्होंने हीरानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस कर्मचारी ने कार धोई थी, वह घटना के बाद से काम पर नहीं आ रहा था। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो परिजनों ने बताया कि उसके पास एक सोने की अंगूठी है।

पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके पास से चोरी की अंगूठी बरामद कर ली। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी की गई सोने की चेन उसने अपने दोस्त मोहित को दे दी थी।

इसके बाद पुलिस ने मोहित को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से दो लाख रुपये बरामद किए गए। मोहित ने पूछताछ में बताया कि उसने चेन राज नामक युवक को बेच दी थी। फिलहाल पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post