NEET UG 2026 का री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा। परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रश्नपत्रों को विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक हवाई मार्ग से पहुंचाया जा रहा है। इस बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अभ्यर्थियों के लिए एडवाइजरी जारी कर ड्रेस कोड और परीक्षा केंद्र में ले जाने वाली वस्तुओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं।
परीक्षा केंद्र में क्या ले जाने की अनुमति होगी?
एनटीए के अनुसार उम्मीदवार परीक्षा केंद्र पर पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जा सकते हैं। एडमिट कार्ड को भी पारदर्शी पाउच में रखने की अनुमति दी गई है। धार्मिक आस्था से जुड़े परिधान और प्रतीक, जैसे पगड़ी या हिजाब, पहनकर परीक्षा देने की छूट रहेगी।
एजेंसी ने अभ्यर्थियों को हल्के और साधारण कपड़े पहनने की सलाह दी है। फुटवियर के रूप में चप्पल या कम हील वाले सैंडल को प्राथमिकता देने को कहा गया है। यदि कोई उम्मीदवार भारी जूते पहनकर आता है तो उसकी अलग से सुरक्षा जांच की जाएगी।
इन वस्तुओं को ले जाने पर रोक
परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ईयरफोन, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
इसके अलावा धातु से बनी वस्तुएं, बड़े बेल्ट बकल और भारी आभूषण पहनकर आने से भी बचने की सलाह दी गई है। ऐसे सामान को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि ड्रेस कोड और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन नहीं करने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होने से रोका जा सकता है। इसलिए सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
री-एग्जाम में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवारों का परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत फिंगरप्रिंट और फेस स्कैन जैसी जांच की जाएगी, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Post a Comment