इंदौर में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को पहले एक निजी अस्पताल और बाद में एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, अवंतिका अपनी बड़ी बहन के साथ शहर की एक निजी बिल्डिंग में रह रही थी। बहन ने पुलिस को बताया कि अवंतिका तीन बार नीट परीक्षा में सफल नहीं हो सकी थी। हाल ही में परीक्षा रद्द होने के बाद वह मानसिक तनाव में दिखाई दे रही थी। घटना वाले दिन भी वह काफी शांत थी और सामान्य बातचीत से बच रही थी।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 11:30 बजे अवंतिका अपनी बहन से मोबाइल पर बात कर रही थी। इसी दौरान वह सीढ़ियों से होते हुए ऊपर की ओर गई और कुछ देर बाद नीचे गिर गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले और तत्काल पुलिस तथा एम्बुलेंस को सूचना दी।

अवंतिका मूल रूप से धार जिले की रहने वाली थी। उसके पिता सरकारी स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सकीय अधिकारी हैं। पुलिस को दिए बयान में उन्होंने बताया कि घटना के समय वह फ्लैट के अंदर मौजूद थे और छात्रा किन परिस्थितियों में नीचे गिरी, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

घटना के बाद परिजन उसे तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

भंवरकुआं थाना पुलिस ने बताया कि छात्रा के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला दुर्घटना का है या फिर आत्महत्या का। फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

परिजनों के अनुसार, अवंतिका हाल के दिनों में मानसिक दबाव में थी। उसका इस वर्ष खरगोन के एक फार्मेसी कॉलेज में प्रवेश कराया गया था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post