इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम नगर निगम के एक कर्मचारी ने अपने घर की छत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब पड़ोस में रहने वाले एक 10 वर्षीय बच्चे ने उसे फंदे पर लटका देखा और तुरंत परिवार को इसकी सूचना दी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राहुल उम्र 30 के रूप में हुई है। वह इंदौर नगर निगम के जोन-18 के जनकार्य विभाग में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। बताया गया है कि पिता के निधन के बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति मिली थी।

घटना के समय उसकी पत्नी दोनों बच्चों के साथ मायके गई हुई थी, जबकि उसकी मां घर में मौजूद थीं। मां नीचे कमरे में आराम कर रही थीं और उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। इसी दौरान पड़ोस के एक बच्चे की नजर छत पर गई, जहां राहुल फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया।

बच्चे द्वारा सूचना देने के बाद परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर भंवरकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post