इंदौर के गांधी नगर थाना क्षेत्र में एक 21 वर्षीय कॉलेज छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिजनों ने एक युवती पर छात्र को मानसिक रूप से परेशान करने और उससे लगातार पैसों की मांग करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर छात्र का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक वैष्णव कॉलेज में तृतीय वर्ष का छात्र था। मंगलवार को वह घर पर अकेला था। शाम के समय जब उसकी मां काम से लौटकर घर पहुंचीं तो उन्होंने बेटे को फंदे से लटका हुआ पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
परिजनों का कहना है कि छात्र का क्षेत्र की एक युवती के साथ लंबे समय से परिचय और प्रेम संबंध था। उनका आरोप है कि युवती उस पर लगातार पैसों का दबाव बना रही थी। परिवार का दावा है कि मोबाइल में मिली आखिरी चैट में भी पैसों की मांग से जुड़े संदेश सामने आए हैं।
मृतक का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। पिता मजदूरी से जुड़े काम करते हैं, जबकि मां घरों में खाना बनाने का कार्य करती हैं। परिजनों का आरोप है कि सीमित आर्थिक स्थिति के बावजूद छात्र पर बार-बार रुपए देने का दबाव बनाया जा रहा था।
गांधी नगर थाना पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। मोबाइल फोन और चैट रिकॉर्ड की पड़ताल के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment