21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) री-एग्जाम में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। बिहार राज्य सड़क परिवहन निगम (BSRTC) ने परीक्षार्थियों को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आने वाली परिवहन संबंधी परेशानियों से बचाना है।
निगम के अनुसार, छात्र 20 जून से परीक्षा के अगले दिन तक BSRTC की बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा केवल बिहार के छात्रों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दूसरे राज्यों से परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थी भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
BSRTC ने बताया कि यह व्यवस्था निगम द्वारा संचालित सभी प्रकार की बसों पर लागू होगी। इसमें एसी, नॉन-एसी, डीलक्स, लग्जरी, इलेक्ट्रिक और पिंक बसें शामिल हैं। इसके अलावा निजी ऑपरेटरों के माध्यम से संचालित निगम की बसों में भी परीक्षार्थियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
एडमिट कार्ड दिखाकर कर सकेंगे सफर
मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए छात्रों को बस में चढ़ते समय अपना NEET एडमिट कार्ड दिखाना होगा। निगम ने अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड की एक फोटोकॉपी साथ रखने की सलाह भी दी है। यात्रा के दौरान यह कॉपी जमा की जा सकती है। इसके साथ छात्रों को अपना नाम, पता, परीक्षा केंद्र का विवरण और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराना होगा। इसके बाद उन्हें शून्य किराया (जीरो-फेयर) टिकट जारी किया जाएगा।
परिवहन निगम ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र तक जाने और वहां से वापस लौटने दोनों यात्राओं के लिए छात्रों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह सुविधा परीक्षा से एक दिन पहले और परीक्षा के अगले दिन तक प्रभावी रहेगी, जिससे अभ्यर्थी बिना अतिरिक्त खर्च और चिंता के यात्रा कर सकें।
BSRTC अधिकारियों का कहना है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र विभिन्न जिलों और पड़ोसी राज्यों से परीक्षा देने आते हैं। ऐसे में मुफ्त बस सेवा से उन्हें समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में सहायता मिलेगी और यात्रा पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी बचेगा। निगम को उम्मीद है कि इस फैसले से हजारों विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।

Post a Comment