ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में शनिश्चरी अमावस्या और रविवार के अवकाश को देखते हुए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है।

16 मई को शनिश्चरी अमावस्या और 17 मई को रविवार होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा स्नान और ओंकारेश्वर दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं। इसे देखते हुए इंदौर-खंडवा रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई है।

कलेक्टर शिवम द्वारा जारी आदेश के अनुसार तेजाजी नगर चौराहे से खंडवा की ओर जाने वाले तथा खंडवा से इंदौर आने वाले मार्ग पर भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह आदेश 15 मई रात 12 बजे से लागू हो चुका है और 18 मई 2026 की सुबह 8 बजे तक प्रभावी रहेगा।

प्रशासन के मुताबिक अब भारी वाहन तेजाजी नगर चौराहा बायपास मार्ग से धामनोद होते हुए खंडवा की ओर जा सकेंगे। यह प्रतिबंध केवल इंदौर जिले की सीमा में लागू रहेगा।

कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान में इंदौर-खंडवा मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य जारी है। वहीं ओंकारेश्वर दर्शन और नर्मदा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में भारी वाहनों के चलते जाम की स्थिति बन सकती थी। इसे देखते हुए मोटर यान नियम 1994 के नियम-215 के तहत यह आदेश जारी किया गया है।

जिला प्रशासन ने आमजन और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इन वाहनों को रहेगी छूट:

  • कार, जीप, दोपहिया वाहन और यात्री बसों का संचालन सामान्य रहेगा।
  • दूध वाहन, नगर निगम स्वास्थ्य सेवा वाहन, पुलिस, फायर ब्रिगेड, पानी के टैंकर, सेना के वाहन, बिजली विभाग और कृषि उपज मंडी से जुड़े आवश्यक सेवा वाहनों को प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है।
Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post