देवास जिले के टोंककलां क्षेत्र स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार को हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई लोग गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और शवों के टुकड़े करीब 25 फीट दूर तक जा गिरे। विस्फोट के बाद फैक्ट्री से आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया।

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में उस समय 200 से ज्यादा लोग काम कर रहे थे, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। धमाके के बाद झुलसे मजदूर जान बचाने के लिए फैक्ट्री से बाहर भागते नजर आए। कई लोगों के शरीर पर कपड़ों की केवल चिंदियां बची थीं, जबकि स्किन और बाल बुरी तरह झुलस चुके थे।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। फैक्ट्री परिसर में चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल बना रहा। घायलों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत टीम मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई है।


प्रशासन ने फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों और क्षमता से अधिक मजदूरों के काम करने की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका पटाखा निर्माण के दौरान हुए तकनीकी विस्फोट की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



Post a Comment

Previous Post Next Post