इंदौर के धार रोड स्थित प्लास्टिक का दाना बनाने वाली फैक्ट्री डीयू ड्रॉप एरिगेशन में शनिवार सुबह करीब 7 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसका काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए पोकलेन मशीन और फायर फाइटिंग रोबोट भी मंगाया गया। वहीं सांवेर रोड एफ सेक्टर स्थित रुई के कतरन के गोदाम में भी आग लगने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की 6 से 7 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। फायर कर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी। अब तक करीब 35 टैंकर पानी का इस्तेमाल किया जा चुका है।
आरआरकैट के डिप्टी फायर ऑफिसर अजय ने बताया कि आग काफी ज्यादा है और आसपास पानी के पर्याप्त स्रोत नहीं हैं। इसी वजह से परेशानी हो रही है। दूसरे टैंकरों से पानी मंगाकर दमकल वाहनों को भरा जा रहा है। वहीं निगम कमिश्नर क्षितिज स. भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार फैक्ट्री के अंदर फिलहाल प्रवेश करना संभव नहीं है। यहां टीन शेड लगा हुआ था, जिसे हटाकर आग बुझाने की कोशिश की जा रही है। दमकल कर्मियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने में अभी दो से तीन घंटे और लग सकते हैं।
आग लगने के कारणों का फिलहाल आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। एहतियात के तौर पर आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया है ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में रखा सामान जलकर खाक होने की आशंका है। हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है।
फैक्ट्री संचालक मोहम्मद जावेद ने बताया कि अमावस्या होने के कारण आज मजदूर काम पर नहीं आए थे। फैक्ट्री में करीब 30 से 35 लोग काम करते हैं और यहां दिन-रात शिफ्ट चलती है। पास में एक हर्बल प्रोडक्ट फैक्ट्री भी स्थित है, जहां तक आग पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
मोहम्मद जावेद के अनुसार फैक्ट्री परिसर में लगी डीपी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जो तेजी से फैल गई और पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। प्लास्टिक का दाना भरा होने के कारण आग तेजी से भड़क गई।
स्थानीय सरपंच जितेंद्र ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। गांव के लोग भी लगातार मदद कर रहे हैं और ट्यूबवेल से पानी उपलब्ध कराया गया है।
निगम कमिश्नर क्षितिज ने बताया कि आग बुझाने के लिए फोम का भी इस्तेमाल किया गया है। प्रशासन जल्द आग पर पूरी तरह काबू पाने का प्रयास कर रहा है। साथ ही सभी फैक्ट्री संचालकों से आग से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने की अपील की गई है।

Post a Comment