इंदौर में एलआईजी लिंक रोड स्थित एक गोदाम में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में गोदाम में रखा चार अलग-अलग कारोबारियों का सामान जलकर नष्ट हो गया।
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार रात करीब 2:51 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही तीन दमकल वाहन मौके पर रवाना किए गए। जिस गोदाम में आग लगी, वहां कई लोगों का व्यावसायिक सामान रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आ गया।
गोदाम में टेंट सामग्री, नए और पुराने टायर, फर्नीचर, सोफा निर्माण से जुड़ा सामान तथा प्लाइवुड और माइका का स्टॉक रखा था। आग की वजह से बड़ी मात्रा में टेंट का सामान, टायर, फर्नीचर और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया था। दमकलकर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए आग पर नियंत्रण पाया। आग बुझाने के लिए करीब 2 लाख 10 हजार लीटर पानी का उपयोग किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment