मध्य प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी का दौर जारी है, लेकिन इसी बीच कई इलाकों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला भी शुरू हो गया है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के आधे से अधिक जिले इस मौसमी बदलाव से प्रभावित हैं। मौसम केंद्र ने शनिवार को ग्वालियर समेत 21 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है।
पिछले दो दिनों में प्रदेश के कुल 35 जिलों में कहीं न कहीं बारिश, ओले या तेज आंधी देखी गई है। शुक्रवार को भी कई जिलों में मौसम खराब रहा, जिसके कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
आज जिन जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, गुना, अशोक नगर, नीमच और मंदसौर शामिल हैं। इसके विपरीत भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, रतलाम, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, कटनी, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा और सिंगरौली में गर्मी का असर बना रहेगा। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में दोपहर के बाद मौसम बदलने की संभावना जताई गई है।
शुक्रवार को जबलपुर और दमोह में बारिश दर्ज की गई, जबकि खंडवा में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अन्य शहरों में नरसिंहपुर 42.2 डिग्री, रतलाम 41.2 डिग्री, टीकमगढ़ 41 डिग्री, बैतूल 40.8 डिग्री, गुना 40.4 डिग्री तथा शाजापुर, दमोह और सागर में 40.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। श्योपुर में तापमान 40 डिग्री रहा। प्रदेश के प्रमुख शहरों में उज्जैन का तापमान 40.5 डिग्री, भोपाल 39.8 डिग्री, इंदौर 39.4 डिग्री, ग्वालियर 37.4 डिग्री और जबलपुर 38 डिग्री दर्ज किया गया।
आमतौर पर मई महीने में भीषण गर्मी रहती है, लेकिन इस बार महीने की शुरुआत आंधी और बारिश के साथ हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 5 मई तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। विशेषज्ञों के मुताबिक चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। वर्तमान में हिमालयी क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसका असर आने वाले दिनों में भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बारिश के रूप में देखने को मिल सकता है।

Post a Comment