शहर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित एक हॉस्टल में शुक्रवार रात बीटेक के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय सामने आई, जब उसके रूममेट्स खाना खाकर लौटे और दरवाजा नहीं खुलने पर अंदर झांककर देखा तो छात्र फंदे पर लटका मिला। साथी छात्रों ने उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान उत्कर्ष उम्र (21) निवासी लखनऊ के रूप में हुई है। वह सेज यूनिवर्सिटी से बीटेक थर्ड ईयर (छठा सेमेस्टर) की पढ़ाई कर रहा था और हॉस्टल में रह रहा था।

शुक्रवार रात करीब 8 बजे उत्कर्ष के रूममेट्स मेस में खाना खाने गए थे। तबीयत ठीक नहीं होने की वजह से वह कमरे में ही रुक गया था। जब साथी छात्र वापस लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक खटखटाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने ऊपर से झांककर देखा, जहां वह फंदे पर लटका हुआ था।

इसके बाद साथियों ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया और उसे तुरंत नीचे उतारकर पहले एक निजी अस्पताल, फिर एमवाय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिवार को सूचना दे दी है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान कमरे से एक डायरी मिली है, जिसमें छात्र अपनी निजी बातें लिखा करता था। इसी डायरी में एक सुसाइड नोट भी मिला है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि छात्र के पिता का निधन हो चुका है और उसके साथ कमरे में रहने वाले छात्र उससे जूनियर थे।

तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेंद्र के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र एक युवती से एकतरफा प्रेम करता था। डायरी में उसी का जिक्र है, हालांकि युवती का नाम स्पष्ट नहीं लिखा गया है। कुछ समय से वह मानसिक तनाव में भी था।

एडिशनल डीसीपी प्रियंका ने बताया कि छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। सुसाइड नोट के आधार पर मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post