इंदौर में हीरानगर थाना पुलिस ने एक टेलीकॉलर युवती की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और बाद में मुकर गया।
थाना प्रभारी के मुताबिक 21 वर्षीय युवती की शिकायत पर अमन निवासी कंडिलपुरा क्षेत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। युवती ने बताया कि उसकी मुलाकात करीब चार साल पहले एक पारिवारिक शादी समारोह में आरोपी से हुई थी। इसके बाद दोनों की इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई।
युवती के अनुसार, अगस्त 2024 में आरोपी उसे हीरानगर क्षेत्र के एक होटल में ले गया, जहां पहली बार संबंध बनाए। इसके बाद वह अलग-अलग होटलों में कई बार उसे लेकर गया। इस दौरान दोनों ने शादी का निर्णय भी लिया और परिवारों को इसकी जानकारी दी। चूंकि दोनों एक ही समाज से हैं, इसलिए रिश्ते को लेकर बातचीत भी शुरू हो गई थी।
युवती का आरोप है कि दिसंबर 2025 में आरोपी ने अचानक शादी से इंकार कर दिया। उसने परिवार की असहमति और अन्य निजी कारणों का हवाला देते हुए दूरी बना ली। इसके बाद उसने बातचीत भी बंद कर दी।
युवती ने जब संपर्क करने की कोशिश की तो आरोपी ने फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी, जिससे उसकी सामाजिक छवि प्रभावित हुई। गुरुवार को पीड़िता ने इंदौर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment