इंदौर के रामानंद नगर इलाके में कर्ज के दबाव से परेशान एक वाहन मालिक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर पर बच्चे मौजूद थे, जबकि पत्नी भजन कार्यक्रम में गई हुई थी। लौटने पर पत्नी को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
चंदन नगर थाना पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान दुलीचंद , उम्र 43 वर्ष के रूप में हुई है। उन्होंने वाहन खरीदने के लिए लोन लिया था, लेकिन पिछले कई महीनों से वह उसकी किश्त नहीं भर पा रहे थे। बैंक की ओर से लगातार दबाव बनाए जाने के कारण वह मानसिक तनाव में थे।
घटना शाम की है। दुलीचंद घर के पीछे बने कमरे में थे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनकी बेटी उन्हें देखने पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद बेटी ने दरवाजे के छेद से झांककर देखा, जहां उसके पिता फंदे पर लटके हुए दिखाई दिए। यह देख उसने तुरंत अपनी मां को फोन कर जानकारी दी।
सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भेजकर पोस्टमॉर्टम कराया है। मौके से किसी प्रकार का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस अब वाहन से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर फाइनेंस कंपनी और संबंधित लोगों से पूछताछ करेगी।
मृतक के परिवार में पत्नी और तीन बच्चे—दो बेटियां और एक बेटा हैं, जो पढ़ाई कर रहे हैं। पत्नी दुर्गा के मुताबिक उन्हें लोन की पूरी जानकारी नहीं थी, लेकिन बैंक के लोग घर आकर किश्त के लिए दबाव बना रहे थे। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है।

Post a Comment