बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपनी ही रिश्तेदार बहन के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि बहन ने पीड़िता की फोटो को किसी अन्य लड़के के साथ एडिट कर उसे बदनाम करने की नीयत से इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक कर दिया।
थाना प्रभारी सि. गुर्जर ने बताया कि 20 वर्षीय पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि यह विवाद 26 फरवरी की शाम करीब 5:00 बजे शुरू हुआ। पीड़िता को पता चला कि उसकी रिश्तेदार बहन ने उसकी एक फोटो को किसी अनजान लड़के की फोटो के साथ आपत्तिजनक तरीके से एडिट कर सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर पोस्ट कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि उसकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुँचाने और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के उद्देश्य से यह हरकत की गई।
जब पीड़िता ने आरोपी से इस बारे में पूछताछ कर फोटो हटाने को कहा, तो उसने इनकार कर दिया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि “तुझे जो करना है कर ले, तू मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती।”
आरोप है कि आरोपी ने धमकी भी दी कि यदि ज्यादा विरोध किया, तो उसे और उसके परिवार को गंभीर नुकसान पहुंचाया जाएगा।
पुलिस ने मामले में आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment