दिल्ली से लखनऊ आ रही एक फ्लाइट में एक न्यायिक अधिकारी (जज) के साथ अभद्रता और खराब भोजन परोसने का गंभीर मामला सामने आया है। अमरोहा में तैनात जज प्रशांत K. ने Air India के क्रू मेंबर्स और कस्टमर सर्विस स्टाफ के खिलाफ सरोजिनी नगर थाने में एनसीआर (गैर-संज्ञेय रिपोर्ट) दर्ज कराई है।
शिकायत में आरोप है कि उन्हें जो भोजन परोसा गया, उसमें फंगस लगा हुआ था। विरोध करने पर कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
घटनाक्रम के अनुसार, जज 16 मार्च 2026 को Air India की फ्लाइट AI-1720 से दिल्ली से लखनऊ जा रहे थे। यात्रा के दौरान जब उन्हें खाना दिया गया, तो वह खराब स्थिति में था।
जज का कहना है कि इस तरह का असुरक्षित भोजन यात्रियों की सेहत के लिए खतरनाक है। जब उन्होंने शिकायत की, तो केबिन क्रू ने समस्या सुलझाने के बजाय अनुचित व्यवहार किया।
लखनऊ पहुंचने के बाद भी विवाद जारी रहा। आरोप है कि कस्टमर सर्विस स्टाफ ने भी बदसलूकी की और उन्हें सबूत के तौर पर खराब खाना बाहर ले जाने से रोका।
जज ने अपनी शिकायत में कहा है कि यात्रियों को दूषित भोजन देना और शिकायत पर अधिकारों का उल्लंघन करना गंभीर मामला है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद विमान सेवाओं में यात्रियों की सुरक्षा और खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

Post a Comment