बाणगंगा थाना क्षेत्र में 13 साल की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के बाद उस पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता, जो ग्राम अलवासा नयापुरा की रहने वाली है, ने बताया कि 15 मार्च की शाम वह कोचिंग के लिए जा रही थी। रास्ते में आरोपी इमरान ने उसे रोककर हाथ पकड़ते हुए छेड़छाड़ की।
घर पहुंचकर छात्रा ने पूरी घटना परिजनों को बताई। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपी इमरान अपने पिता अनीस , मां परवीन और बहन शालू के साथ पीड़िता के घर पहुंच गया।
आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान इमरान ने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से छात्रा पर हमला करने की कोशिश की। बचाव में आई मां के हाथ में चाकू लगने से वह घायल हो गई। वहीं अन्य आरोपियों ने पिता के साथ भी मारपीट की।
घटना के बाद आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे डरे हुए परिजन घर के अंदर छिप गए। बाद में ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment