अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रही जंग का पंजाब और चंडीगढ़ में असर देखने को मिल रहा है। यहां गैस सिलेंडर के लिए लोगों को कई-कई घंटे तक लाइनों में लगना पड़ रहा है। दो दिन पहले तक केवल कॉमर्शियल सिलेंडरों की डिलीवरी रुकी थी, लेकिन अब घरेलू गैस की सप्लाई भी प्रभावित बताई जा रही है।
बरनाला जिले के एक गांव में सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े भूषण कुमार M. (66) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनका नंबर करीब 25वां था। बताया जा रहा है कि वे लगभग दो घंटे तक लाइन में खड़े रहे, फिर अचानक गिर पड़े।
वहीं अमृतसर के एक इलाके में स्थित एक गैस एजेंसी पर मैनेजर और ग्राहक मनोज K. के बीच सिलेंडर को लेकर झड़प हो गई। इसी दौरान सिलेंडर न मिलने से परेशान एक बुजुर्ग महिला रो पड़ी।
लुधियाना में रमेश K. ने बताया कि वह एक परिचित के घर से सिलेंडर लेकर लौट रहा था। रास्ते में एक्टिवा सवार दो युवकों ने उसका सिलेंडर छीन लिया। जालंधर में एक इंडेन उपभोक्ता अरुण S. का कहना है कि सिलेंडर डिलीवरी का मैसेज आया, लेकिन सिलेंडर नहीं दिया गया। चंडीगढ़ में भी कई जगह गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें लगी हुई हैं।
उधर प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। हालांकि लोगों का दावा है कि उन्हें समय पर सप्लाई नहीं मिल रही। ऑनलाइन बुकिंग के लिए इतनी कोशिशें हो रही हैं कि गैस कंपनियों के सर्वर पर भी दबाव बढ़ गया है। कई उपभोक्ताओं को बुकिंग कन्फर्म करने के लिए OTP तक नहीं मिल पा रहा।

Post a Comment