जिले के कुंभराज क्षेत्र में मानसिक रूप से कमजोर लोगों को बंधक बनाकर उनसे मजदूरी कराए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार लोगों को मुक्त कराया। हालांकि शुरुआत में पांच लोगों के बंधक होने की सूचना मिली थी, लेकिन एक व्यक्ति अभी भी लापता है।
जानकारी के अनुसार, कुंभराज थाना क्षेत्र के एक गांव में कुछ लोगों द्वारा मानसिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को बंधक बनाकर उनसे जबरन काम कराने की शिकायत प्रशासन को मिली थी। इसके बाद एसडीएम रवि म. के नेतृत्व में राजस्व, नगर पालिका और पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर गुरुवार सुबह गांव में सर्च अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान टीम को दो लोग घरों के अंदर बंद मिले, जबकि दो अन्य खेतों और सड़कों के आसपास भटकते हुए मिले। बताया जा रहा है कि प्रशासन की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपियों ने दो लोगों को घर से बाहर भगा दिया था, जिसके कारण वे भूखे-प्यासे हालत में सड़कों पर भटकते मिले।
अधिकारियों के मुताबिक अब तक चार लोगों को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया है। सभी का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और उन्हें शिवपुरी स्थित “अपना घर” संस्था भेजा जाएगा, जहां उनकी देखभाल की जाएगी। प्रशासन ने यह भी कहा है कि जिन लोगों द्वारा उन्हें बंधक बनाकर मजदूरी कराई जा रही थी, उनके खिलाफ जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment