इंदौर–खंडवा के बीच बनने वाली नई ब्रॉडगेज रेल लाइन के लिए पर्यावरण और वन मंत्रालय से प्रारंभिक अनुमति मिल गई है। इससे लंबे समय से अटकी परियोजना का रास्ता साफ हो गया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। परियोजना के तहत करीब 454 हेक्टेयर वनभूमि पर रेल लाइन बिछाई जाएगी और लगभग 20 किमी क्षेत्र में 16 सुरंगें बनाई जाएंगी।

यह रेल परियोजना इंदौर सहित पूरे मालवा और निमाड़ क्षेत्र के विकास के लिए अहम मानी जा रही है। परियोजना के तहत 10 मार्च 2026 से 9 जून 2026 तक निर्माण कार्य शुरू करने की अस्थायी अनुमति दी गई है। सांसद शंकर एल. ने बताया कि वन भूमि उपयोग से जुड़ी आवश्यक सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे काम को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

परियोजना के लिए लगभग 454 हेक्टेयर वनभूमि का उपयोग किया जाएगा। रेल लाइन बिछाने से पहले करीब 1 लाख 34 हजार पेड़ों की कटाई की जाएगी। कुल 1 लाख 51 हजार पेड़ों को चिह्नित किया गया था, जिनमें से करीब 17 हजार पेड़ों को सुरक्षित रखने का निर्णय लिया गया है।

अक्टूबर 2025 में इंदौर वनमंडल ने इस परियोजना से जुड़ी फाइल भोपाल मुख्यालय भेजी थी। इसके बाद रीजनल इन्वायरमेंट कमेटी (REC) ने रेलवे से यह भी पूछा है कि यदि पुरानी रेल लाइन आगे उपयोग में नहीं आएगी तो उसे हटाकर जमीन वन विभाग को वापस सौंप दी जाए। साथ ही रेलवे को ग्रीन रेलवे कॉरिडोर प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

20 किमी क्षेत्र में बनेंगी 16 सुरंगें

  • बड़िया से बेका के बीच लगभग 4.1 किमी लंबी सुरंग
  • चोरल से मुख्तियार बलवाड़ा के बीच लगभग 2.2 किमी सुरंग
  • राजपुर क्षेत्र के पास लगभग 1.6 किमी लंबी सुरंग
  • इसके अलावा करीब 12.1 किमी क्षेत्र में 13 छोटी सुरंगें भी बनाई जाएंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post