इंदौर के कनाडिया थाना क्षेत्र की एक हाउसिंग सोसायटी में रहने वाली महिला ने पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों पर तांत्रिक क्रिया के जरिए डराने-धमकाने और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी सहर्ष यादव के अनुसार, कनाडिया रोड स्थित ग्रीन वैली सोसायटी में रहने वाली 37 वर्षीय महिला ने शिकायत में बताया कि सोसायटी के कुछ लोग लंबे समय से उसे परेशान कर रहे हैं। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसे डराने के लिए तांत्रिक क्रियाओं का सहारा लिया और कई बार दबंगई दिखाते हुए अभद्र व्यवहार भी किया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने व्हाट्सएप ग्रुप और निजी संदेशों के माध्यम से भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इसके अलावा कई बार उसका पीछा किया गया और रास्ता रोककर विवाद करने की कोशिश भी की गई।

महिला का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए भी उस पर नजर रखी जा रही थी, जिससे वह लगातार भय और असुरक्षा महसूस कर रही थी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर रेखा च., सोनिया च., अपर्णा श., अंजनी श., संजय स., लविश स., गौरांग स., दीप्ति स., अनिल च. और सपना ज. के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post