जबलपुर जिले के सिहोरा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक पुरानी टाटा सूमो के अंदर सो रहे व्यक्ति की आग लगने से जिंदा जलकर मौत हो गई। आग की लपटों ने पास में मौजूद एक छोटी दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान भी जलकर खाक हो गई।

प्रारंभिक आशंका है कि मच्छरों से बचने के लिए जलाई गई मच्छर भगाने वाली कॉइल से गाड़ी के अंदर पड़े कचरे में आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और अंदर सो रहा व्यक्ति बाहर नहीं निकल सका। बताया जा रहा है कि सूमो काफी पुरानी थी।

घटना सिहोरा के वार्ड नंबर-3 इलाके की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक लंबे समय से वहीं खड़ी एक पुरानी टाटा सूमो में रह रहा था। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। आसपास से कूड़ा-कचरा और पन्नियां इकट्ठा कर वह गाड़ी में भरकर रखता था।

लोगों ने बताया कि वह अक्सर गाड़ी के पास ही खाना बनाता था और रात में उसी गाड़ी के अंदर सो जाता था।

गाड़ी के भीतर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कचरा और पन्नियां होने के कारण आग तेजी से फैल गई। जब तक वह बाहर निकलने की कोशिश करता, तब तक पूरी गाड़ी आग की चपेट में चुकी थी। दम घुटने और गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

आसपास के लोगों ने धुआं और आग की लपटें देखकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लोगों ने खुद भी आग बुझाने की कोशिश की।

सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post