इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने ड्रोन की मदद से जुआ खेल रहे 8 लोगों को पकड़ लिया। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए ड्रोन उड़ाया गया था। ड्रोन देखते ही जुआरी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों के पास से 6,400 रुपए जब्त किए गए हैं।

बुधवार को होली के मौके पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के निर्देश पर इलाके में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही थी। इसी दौरान दिग्विजयनगर क्षेत्र की एक मल्टी में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विक्रम डी., सुनील जे., सन्नी आर., सोहन एस., मंशाराम बी., रोहित एस., पंकज आर. और जीवन डी. को गिरफ्तार किया। ड्रोन देखकर आरोपियों ने ताश के पत्ते नीचे फेंक दिए थे। पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

वहीं हीरानगर थाना पुलिस ने विनय उर्फ भांजा एस.बी. को एमडी ड्रग के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 14 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले से नशे और अवैध हथियार से जुड़े करीब 18 मामले दर्ज हैं।

इधर खजराना थाना क्षेत्र में होली के दौरान पुलिस ने इलाके के करीब 50 बदमाशों को एहतियात के तौर पर नजरबंद किया। त्यौहार के बाद सभी को समझाइश देकर छोड़ दिया गया।

होली की शाम लसूड़िया क्षेत्र में पुलिस ने एहतियात के तौर पर ढाबे, होटल और चाय-पानी की दुकानों को बंद करवाया। हालांकि शराब की दुकानें खुली रहीं। देर शाम दुकान खोलने की कोशिश करने वालों को पुलिस ने पकड़कर थाने ले जाया।

Post a Comment

Previous Post Next Post