इंदौर के एमआर-10 क्षेत्र में आयोजित “रंग दे होली” कार्यक्रम के दौरान एक युवक पर लड़कियों के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। सूचना मिलने के बाद कुछ सामाजिक संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़कर पूछताछ की। बाद में उसे बाणगंगा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
बाणगंगा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक ने अपना नाम सोबी पी. और निवास भोपाल क्षेत्र का बताया। एक संगठन के पदाधिकारी मानसिंह आर. का आरोप है कि वह कार्यक्रम में मौजूद लड़कियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। कार्यकर्ताओं ने जब उससे पूछताछ की और उसका मोबाइल चेक किया तो उसमें कथित तौर पर अश्लील वीडियो और कई लड़कियों के साथ आपत्तिजनक चैट मिलने का दावा किया गया।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि युवक सोशल मीडिया पर हिंदू नाम बताकर लड़कियों से दोस्ती करता था और उनसे बातचीत करता था। मामले को लेकर मौके पर कुछ देर हंगामे की स्थिति भी बनी रही। इसके बाद युवक को पकड़कर बाणगंगा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके मोबाइल की जांच की जा रही है। फिलहाल युवक पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है।

Post a Comment