नई दिल्ली (ईएमएस)। बॉलीवुड कॉमेडियन राजपाल इन दिनों तिहाड़ जेल में बंद हैं। करीब 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें जेल जाना पड़ा। फिलहाल वे तिहाड़ जेल नंबर-2 में एक सामान्य कैदी की तरह रह रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, उन्हें किसी प्रकार की वीआईपी सुविधा नहीं दी जा रही है। बताया जा रहा है कि वे उसी हाई-सिक्योरिटी बैरक में हैं, जहां पहले कुख्यात अपराधियों को रखा जा चुका है। जेल प्रशासन के नियम सभी बंदियों पर समान रूप से लागू होते हैं।

जेल सूत्रों के मुताबिक, सुबह 6 बजे बैरक खुलती है। दैनिक क्रिया के बाद चाय और नाश्ता दिया जाता है। दिनभर निर्धारित नियमों के तहत समय बिताना होता है। शाम 6 बजे रात का भोजन परोसा जाता है, जिसमें दाल, सब्जी, रोटी और चावल शामिल होते हैं।

सुरक्षा कारणों से अन्य कैदियों को उनके पास जाने की अनुमति नहीं है। बताया जाता है कि वे ज्यादातर समय शांत रहते हैं और कानूनी प्रक्रिया पर ध्यान दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए उन्होंने एक प्राइवेट कंपनी से करीब 5 करोड़ रुपये का ऋण लिया था। फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर असफल रहने के कारण वे समय पर भुगतान नहीं कर सके। ब्याज और पेनल्टी जुड़ने के बाद बकाया राशि लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई।

कथित तौर पर जारी किए गए कई चेक बाउंस हो गए, जिसके बाद नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि कानूनी प्रक्रिया में आगे क्या निर्णय आता है और उन्हें कब राहत मिलती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post