क्राइम ब्रांच की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों से मादक पदार्थों से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी के पास से एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जबकि दूसरा ब्राउन शुगर मामले में फरार चल रहा था। दोनों के खिलाफ कार्रवाई कर उनसे पूछताछ की जा रही है।

एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर टीम लोखंडे पुल क्षेत्र पहुंची। वहां एक गार्डन के पास नीले रंग की दोपहिया वाहन पर खड़ा एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम कासिम निवासी इंदौर बताया।

तलाशी के दौरान उसकी गाड़ी की सीट के नीचे से 12.59 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से ड्रग्स, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 लाख 30 हजार रुपए आंकी गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सस्ते दामों में ड्रग्स खरीदकर नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचता था। वह दिहाड़ी मजदूरी करता है और आठवीं तक पढ़ा है।

इसी मामले में क्राइम ब्रांच ने ब्राउन शुगर प्रकरण में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। 10.46 ग्राम ब्राउन शुगर के मामले में वांछित आरोपी को पकड़ा गया। इससे पहले टीम ने दो अन्य आरोपियों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था, जो अन्य जिलों से मादक पदार्थ खरीदकर इंदौर में सप्लाई करते थे।

पूछताछ के आधार पर टीम ने एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पालदा क्षेत्र का निवासी बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह दिहाड़ी वेतन पर रिपेयरिंग का काम करता है। पुलिस उससे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post