द्वारका इलाके में प्रॉपर्टी के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने एक दंपति को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक ही फ्लैट को कई लोगों को बेचने का झांसा देकर करीब 2 से 2.5 करोड़ रुपये ठग लिए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति-पत्नी लोगों से एग्रीमेंट टू सेल (बिक्री समझौता) कर एडवांस रकम ले लेते थे, लेकिन बाद में न तो फ्लैट का कब्जा देते थे और न ही पैसे लौटाते थे। इसके बाद दोनों फरार हो जाते थे।

इस मामले में साल 2024 में द्वारका साउथ थाने में ठगी के दो केस दर्ज किए गए थे। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि महिला आरोपी ने फ्लैट बेचने के नाम पर उनसे समझौता किया और एडवांस रकम ले ली। जांच में खुलासा हुआ कि वही फ्लैट कई अन्य लोगों को भी बेचने का वादा किया गया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फ्लैट पहले से बैंक में गिरवी रखा गया था। बैंक का कर्ज चुकाने के लिए आरोपियों ने कई लोगों से पैसे लेने की साजिश रची।

लंबे समय तक फरार रहने पर द्वारका कोर्ट ने सितंबर 2025 में महिला आरोपी शारदा एस को प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर घोषित कर दिया था। उसकी अग्रिम जमानत याचिका भी अदालत से खारिज हो चुकी थी।

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया है। मामले की आगे जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post