इंदौर में क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को देवास-इंदौर बायपास रोड स्थित डागरिया फॉर्म हाउस के पास निपानिया मार्ग से एक महिला को 8 किलो 313 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। महिला पहले भी 6 किलो गांजा मामले में पकड़ी जा चुकी थी और वर्तमान में जमानत पर थी।
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दं* (सरनेम गोपनीय) ने बताया कि शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान टीम द्वारा चेकिंग के समय एक एक्टिवा सवार महिला संदिग्ध अवस्था में मिली।
महिला ने वाहन के आगे पैर रखने की जगह पर एक बोरी रखी हुई थी। टीम को देखकर वह घबराने लगी। रोककर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सोनाली सि* (सरनेम गोपनीय) निवासी मांगलिया क्षेत्र बताया। विधिवत तलाशी में उसके पास से 8 किलो 313 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने महिला के कब्जे से गांजा, एक आईफोन और एक टू-व्हीलर सहित कुल करीब 3 लाख 50 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई है।
फिलहाल महिला से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य कड़ियों की जांच की जा रही है।

Post a Comment