ग्वालियर में एक कथित बाबा के झांसे में आकर एक परिवार ने 30 हजार रुपये गंवा दिए। जब बाबा के कहे अनुसार परिवार की परेशानियां दूर नहीं हुईं, तो पीड़ित परिवार हजीरा थाने पहुंचा और अज्ञात बाबा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है। राधा विहार कॉलोनी निवासी विवेक श. के घर एक बाबा पहुंचा। उसने आटा मांगा। जब विवेक ने आटा दिया तो बाबा ने पूरी कटोरी आटा लेने से मना कर दिया और कहा कि “तुम्हारे परिवार में बहुत कष्ट है, मैं पूरा आटा नहीं ले सकता।”
विवेक ने शुरुआत में बात टालने की कोशिश की, लेकिन बाबा वहीं रुका रहा। बातचीत के दौरान बाबा ने परिवार के भाई-बहन और पारिवारिक स्थिति की बातें बताकर भरोसा जीत लिया। उसने कहा कि कुछ लोग उनका बुरा चाहते हैं और उनकी संपत्ति हड़पना चाहते हैं।
भरोसा जमने के बाद बाबा ने घर के अंदर अगरबत्ती जलाने को कहा और विस्तार से बात करने लगा। अंदर बैठकर उसने डराने वाली बातें कहीं और सात दिन की पूजा के नाम पर प्रतिदिन 4 हजार रुपये के हिसाब से कुल 30 हजार रुपये ले लिए।
ढोंगी बाबा ने आंख बंद कर मंत्र पढ़े और कहा कि परिवार की दिवंगत दादी अपने नाती को बचाने की बात कह रही हैं। यह सुनकर परिवार घबरा गया। बाबा का एक साथी बाहर बैठकर पहरा देता रहा।
बाबा ने आगे कहा कि “रंगपंचमी तक बड़ा अनिष्ट हो सकता है” और परिवार के बुजुर्गों व बच्चे के बारे में डर फैलाया। इस दौरान परिवार पूरी तरह उसके प्रभाव में आ गया।
बाबा ने शर्त रखी कि पूजा वही करेगा जो लहसुन-प्याज नहीं खाता। जब विवेक ने कहा कि ऐसा व्यक्ति ढूंढना मुश्किल है, तो बाबा ने खुद पूजा कराने की बात कही और प्रतिदिन 4 हजार रुपये मांगे। डर के कारण विवेक ने 30 हजार रुपये दे दिए।
पूजा के बाद भी कोई समस्या दूर नहीं हुई और बाबा भी गायब हो गया।
हजीरा थाना प्रभारी जितेन्द्र स. तोमर ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Post a Comment