इंदौर के खजराना क्षेत्र में गुरुवार अलसुबह एक युवती पहली मंजिल की छत से गिरकर घायल हो गई। उसे उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में खजराना पुलिस ने युवती और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर आरोपी अनिकेत उर्फ टी. के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार युवती को उसके परिचित युवक अनिकेत उर्फ टी. ने फोन कर छत पर मिलने के लिए बुलाया था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से जान-पहचान थी।

युवती के परिजनों ने शिकायत में बताया कि बातचीत के दौरान आरोपी ने युवती को अपने साथ चलने के लिए कहा। युवती के इंकार करने पर उसने अपशब्द कहे और मारपीट शुरू कर दी।

युवती द्वारा शोर मचाने पर घर के सदस्य छत की ओर दौड़े। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने युवती को धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गया। रेलिंग के पास खड़ी युवती संतुलन बिगड़ने से पहली मंजिल से नीचे गिर गई।

पीड़िता के पिता की शिकायत पर खजराना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और जान से मारने की नीयत से धक्का देने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी क्षेत्र का ही निवासी है और उसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post