दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में एक घरेलू सहायक ने अपने मालिक के घर पर फर्जी प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रेड कराई। मामला 11 फरवरी का बताया जा रहा है। 25 फरवरी को पुलिस ने रेखा और उसकी भाभी पूजा को इस साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 11 फरवरी को पुलिस जैसी वर्दी पहने तीन लोग खुद को ED अधिकारी बताकर 86 वर्षीय रिटायर्ड आर्किटेक्ट आर.सी. एस. के घर में जबरन दाखिल हुए। आरोपियों ने परिवार को धमकाया और तलाशी के नाम पर मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए।
घर के एक सदस्य को शक हुआ तो उसने पूछताछ शुरू की। इसके बाद आरोपी करीब 3-4 लाख रुपये नकद, सात महंगी घड़ियां और कुछ गहने लेकर कार से फरार हो गए।
24 फरवरी को मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। करीब 350 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान एक नीले रंग की कार (मॉडल बलेनो) संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने कार की मूवमेंट ट्रैक की, जो सराय काले खां से होते हुए गाजीपुर बॉर्डर पार कर उत्तर प्रदेश की ओर जाती दिखी।
इसके बाद वाहन गाजियाबाद के वैशाली क्षेत्र के पास खड़ा मिला। रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने संबंधित लोकेशन पर सक्रिय मोबाइल नंबरों की जांच की।
मोबाइल टावर डंप डेटा और IMEI ट्रैकिंग के जरिए पूजा का नंबर दोनों लोकेशन पर सक्रिय पाया गया। जांच में सामने आया कि वह घरेलू सहायक की रिश्तेदार है।
जब पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश दी, तो फर्जी रेड में इस्तेमाल की गई वर्दी और कुछ लूटा गया सामान बरामद हुआ। महंगी घड़ियां और गहने भी जब्त किए गए।
इसके बाद दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment