इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना का मामला सामने आया है। आरोपी पीड़िता का रिश्तेदार बताया जा रहा है, जो पारिवारिक मदद के लिए कुछ समय से उनके घर में रह रहा था।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अनिल के खिलाफ छेड़छाड़ और POCSO एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, जुलाई में छात्रा के पिता के एक्सीडेंट के बाद आरोपी को परिवार की सहायता के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि इसी दौरान उसने नाबालिग के साथ अशोभनीय हरकतें शुरू कर दीं और उसे बाहर चलने का दबाव बनाता रहा।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसके कुछ निजी फोटो लेकर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी दी। साथ ही परिवार को नुकसान पहुंचाने की बात कहकर मानसिक दबाव बनाया।
अक्टूबर 2025 में छात्रा ने घटना की जानकारी पिता को दी थी, जिसके बाद आरोपी को घर से निकाल दिया गया। पारिवारिक कारणों से उस समय पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।
हालांकि आरोपी मोबाइल के जरिए लगातार धमकाता रहा। दोबारा धमकी मिलने के बाद छात्रा अपने पिता के साथ थाने पहुंची, जहां मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।

Post a Comment