इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक दंपति के घर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दंपति वैष्णोदेवी यात्रा पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर से करीब 25 लाख रुपए के सोने के आभूषण और 35 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी सोमवार को दंपति के घर लौटने पर सामने आई।

पुलिस के अनुसार चोरी की यह वारदात बाणेश्वरी कुंड के पीछे स्थित एक मोहल्ले में हुई। मकान मालिक मनीषा और विनोद (सरनेम गोपनीय) वैष्णोदेवी यात्रा से लौटे तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला।

दंपति ने घर के अंदर जांच की तो अलमारी और अन्य स्थानों से करीब 25 लाख रुपए के सोने के आभूषण और 35 लाख रुपए नकद गायब पाए गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के मुताबिक विनोद (सरनेम गोपनीय) ने कुछ दिन पहले एक प्लॉट बेचा था। इस सौदे से उन्हें करीब 35 लाख रुपए नकद मिले थे, जिन्हें नई संपत्ति खरीदने के इरादे से घर में रखा गया था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि कुछ संदिग्धों की जानकारी मिली है। आरोपियों की तलाश जारी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post