पंजाब के तरनतारन स्थित एक लॉ कॉलेज में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक छात्र ने क्लासरूम में घुसकर एक छात्रा पर गोली चला दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने कॉलेज परिसर को सील कर जांच शुरू कर दी है।

मृत छात्रा की उम्र 20 वर्ष बताई जा रही है और वह लॉ कॉलेज में प्रथम वर्ष की छात्रा थी। आरोपी छात्र भी उसी कॉलेज में पढ़ता था और तरनतारन का रहने वाला बताया जा रहा है।

छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से पहले उन्हें बताया गया कि मामूली विवाद में बेटी को चोट लगी है। लेकिन जब वे कॉलेज पहुंचीं, तो बेटी की मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल घटना के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती जांच में इसे एकतरफा प्रेम से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या हाल के दिनों में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

घटना से जुड़े क्लासरूम के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। यह घटना सुबह के समय की बताई जा रही है, जब कक्षा शुरू नहीं हुई थी और छात्र मौजूद थे।

वारदात के बाद कॉलेज में मौजूद छात्रों और अभिभावकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कॉलेज में हथियार लेकर प्रवेश कैसे हुआ, इसकी गंभीर जांच होनी चाहिए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से आया और क्या वह वैध था या नहीं। मामले की जांच जारी है।

इस खबर को ऑडियो में सुनें




Post a Comment

Previous Post Next Post