इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी से दो और लोगों की मौत हो गई है। सोमवार रात 75 वर्षीय बुजुर्ग शालिग्राम और मंगलवार सुबह दो साल की बच्ची रिया ने दम तोड़ दिया। गंदे पानी से अब तक कुल 35 लोगों की जान जा चुकी है।
शालिग्राम की बेटी मोना ने बताया कि 2 जनवरी को उलटी-दस्त की शिकायत के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया था। वहां से दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे वेंटिलेटर पर रहे। करीब 12 दिन पहले उन्हें डिस्चार्ज किया गया था।
परिजनों के अनुसार, 18 साल पहले उन्हें लकवा हुआ था, लेकिन इसके अलावा कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीज को पहले से हृदय संबंधी समस्या थी।
उधर, दो साल की बच्ची रिया की मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे मौत हो गई। 27 दिसंबर को उलटी-दस्त के चलते परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर गए थे। इलाज के बाद हालत में सुधार हुआ, लेकिन बाद में उसकी तबीयत फिर बिगड़ती चली गई।

Post a Comment